पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली से दबोचे दो बीकॉम पास आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति से टेलीग्राम टास्क के नाम पर 4,02,550 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपी ठगों को गिरफ्तार किया है। 15 मई को जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बरेली से मोहम्मद फैजी और अकील शेख को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी अकील शेख बरेली के चक महमूद चुंगी के पास एक सीएससी सेंटर चलाता है, जबकि दूसरा आरोपी मोहम्मद फैजी उसके सेंटर पर नौकरी करता है। दोनों आरोपी बीकॉम पास हैं। अकील शेख ने ही मोहम्मद फैजी के नाम पर बैंक खाता खुलवाया था और उसे आगे मुख्य ठगों को उपलब्ध कराया था। जांच में पता चला है कि पीड़ित से ठगी गई रकम में से 49 हजार 200 रुपये इसी खाते में ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि ठगी की रकम और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जा सके।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-8 निवासी पीड़ित व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 11 नवंबर 2025 को पीड़ित के टेलीग्राम एप पर ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम से एक लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया, जहां मुनाफे का झांसा देकर आरोपियों ने अलग-अलग टास्क पूरे करने के नाम पर कुल चार लाख दो हजार 550 रुपये का निवेश करा लिया। इसके बाद आरोपियों ने न तो मुनाफा दिया और न ही मूल रकम वापस की।