साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जयपुर के रहने वाले कारपेंटर ने मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले परिचित का बैंक खाता खरीदकर आगे साइबर ठगों को बेचा था। प्रीपेड टास्क के तहत हुई 5.64 लाख रुपये की ठगी में से 25800 रुपये इस खाते में आए थे। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने जयपुर के पालड़ी मीना निवासी मेडिकल स्टोर कर्मचारी मनीष बेरवा व कारपेंटर का काम करने वाले संजय को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ में ये शिकायत सेक्टर-3 निवासी व्यक्ति ने दी थी। जिसमें आरोप लगाया गया कि व्हाट्सएप पर घर बैठे टास्क पूरे कर कमाई का मैसेज आया था। मैसेज के जरिये ठगों से संपर्क हुआ तो आरोपियों ने होटल रिव्यू के लिए टास्क दिए। जिसके बाद 120 रुपये शिकायतकर्ता के बैंक खाते में आए। बाद में आरोपियों ने टेलीग्राम पर जोड़कर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा दिया। ऐसा कर आरोपियों ने 564930 रुपये ट्रांसफर करा लिए। मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए दो आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया है।