तीन ट्रांजेक्शन में निकाली गई रकम, साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने सेक्टर-7 निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से 21.26 लाख रुपये निकाल लिए। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने मामले में यमुनानगर के सिटी क्षेत्र निवासी अरविंद और अरुण को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर फोन हैक किया था। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 4 अक्तूबर को उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। इसमें कहा गया कि रात तक उसका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। मैसेज में संपर्क करने के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। कनेक्शन कटने की आशंका के चलते पीड़ित ने उस नंबर पर संपर्क किया। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने पीड़ित को अपनी बातों में उलझाकर उसके मोबाइल पर एपीके फाइल भेजी थी। पीड़ित ने फाइल डाउनलोड की तो उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 21 लाख 26 हजार 16 रुपये निकाल लिए गए।
क्रेडिट कार्ड में डलवाए 1.25 लाख रुपये
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम में से 1.25 लाख रुपये आरोपी अरुण के क्रेडिट कार्ड में आए थे। पुलिस के मुताबिक,यह रकम अरविंद ने एक अन्य आरोपी के माध्यम से अरुण के क्रेडिट कार्ड में डलवाई थी। मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी 12वीं पास हैं। अरुण प्लंबर का काम करता है, जबकि अरविंद बिल भुगतान संबंधी काम करता है।