पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सेक्टर-85 की एक महिला को व्हाट्सएप पर टास्क पूरा कर पैसे कमाने का झांसा देकर 2.27 लाख रुपये की ठगी की थी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पीड़ित महिला के पास जनवरी 2025 में एक अनजान नंबर से मैसेज आया था, जिसमें घर बैठे पैसे कमाने का विज्ञापन था। जालसाजों ने उन्हें प्रीपेड टास्क के नाम पर पैसे निवेश करने के लिए राजी कर लिया। महिला ने भरोसे में आकर कुल 2,27,000 रुपये अलग-अलग किस्तों में निवेश किए, लेकिन बाद में न तो उन्हें मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस मिली। जांच के बाद पुलिस ने अशोक कुमार (47) और अरुण (21) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में एक चौंकाने वाली बात सामने आई कि दोनों आरोपी अनपढ़ हैं और गाना-बजाने का काम करते हैं। आरोपी अशोक मुख्य खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता अरुण को दिया और अरुण ने आगे इसे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया। इस खाते में ठगी की राशि के 38 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस अब उन मुख्य ठगों का पता लगा रही है, जिन्हें ये अनपढ़ आरोपी अपने बैंक खाते किराए पर उपलब्ध कराते थे।