लिंक भेजकर खाते से उड़ाए थे रुपये, दोनों पंजाब के रहने वाले
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पानी का बिल भरने के नाम पर 8.53 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरबजीत और तरुणधीर निवासी कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों को 27 मई को गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार सेक्टर-85 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 7 अप्रैल को उसके मोबाइल पर पानी का बिल भरने संबंधी संदेश आया था। संदेश में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर आरोपियों ने एक लिंक भेजकर प्लॉट आईडी भरने के लिए कहा। साथ ही दावा किया गया कि आईडी रजिस्टर होने के बाद पानी का बिल नहीं आएगा। पीड़ित के लिंक पर क्लिक करते ही उसके खाते से 8,53,750 रुपये निकाल लिए गए। जांच में सामने आया कि तरुणधीर कपूरथला के एक पेट्रोल पंप पर मैनेजर है, जबकि सरबजीत होटल में काम करता है। पुलिस के अनुसार सरबजीत ने एक क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया था, जिसे तरुणधीर ने पेट्रोल पंप की पीओएस मशीन पर स्वाइप कर नकदी निकालकर उसे दे दी। कार्ड में ठगी के 3.55 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।