क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम जेल में दोनों आरोपियों की शिनाख्त परेड कराएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। शहर में पिछले 10 दिन के अंदर लूट और स्नेचिंग की आठ वारदात करने वाले साजिद कुरैशी और सैफ कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम जेल में दोनों आरोपियों की शिनाख्त परेड कराएगी। जांच अधिकारियों का मानना है कि यदि पीड़ितों ने आरोपियों की पहचान कर ली, तो अदालत में पुलिस का पक्ष और मजबूत होगा तथा लंबित मामलों में भी अहम सबूत मिल सकेंगे।
दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर रात के समय सुनसान इलाकों में लोगों को निशाना बनाते थे। आरोपी चाकू दिखाकर सोने की चेन और अन्य सामान लूटकर भाग जाते थे। पुलिस की ओर से आठ वारदातों को सुलझाने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल को ग्रीनफील्ड कालोनी गेट नंबर-16 के पास मेहुल चौधरी से डेढ़ तोले सोने की चेन लूटी गई थी। इसके बाद 17 अप्रैल को अमरदीप कुमार से भी चाकू की नोक पर चेन लूट की वारदात हुई थी। पुलिस के अनुसार दोनों जयपुर में एक सिगरेट कंपनी में मार्केटिंग का काम करते थे और फरीदाबाद आकर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस रिकार्ड के अनुसार साजिद के खिलाफ गुरुग्राम और राजस्थान में लूट व स्नेचिंग के 10 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सैफ पर दिल्ली और राजस्थान में आर्म्स एक्ट, लूट और मारपीट के मामले दर्ज बताए गए हैं।