रंजिश में युवक के साथ की मारपीट, बिलासपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर थाने की पुलिस ने रंजिश में युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में दो आरोपियों को रविवार को बिलासपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई शराब की बोतल व चाकू बरामद किया है। शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ बिलासपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के पथरेड़ी गांव निवासी पवन व राजस्थान के डीग निवासी मनवीर के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पवन का कुछ साल पहले शिकायतकर्ता के साथ झगड़ा हुआ था। इसी वजह से उसने हमला करने की योजना बनाई। 13 मार्च की शाम को शिकायतकर्ता युवक गुरुग्राम से अपने गांव पथरेड़ी जा रहा था। इसी दौरान पवन व मनवीर ने नई गाड़ी की पार्टी देने के लिए कहा और शराब पीने लगे। जब शिकायतकर्ता युवक जाने लगा तो पवन ने गाड़ी की चाबी छीन ली। गाड़ी की चाबी वापस मांगने पर युवक पर हमला कर दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों पवन व मनवीर को गिरफ्तार किया गया है।