-मुख्य शूटरों को पहले ही भेजा जा चुका है जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर स्थित वर्कशॉप में ठेकेदार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ ने अवैध हथियार मुहैया कराने वाले दो आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज निवासी राजू और मनोज के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 22 मई की सुबह गाजीपुर स्थित वर्कशॉप में सो रहे ठेकेदार योगेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में वर्कशॉप मालिक राजेश कुमार की शिकायत पर डबुआ थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राजू ने पिस्तौल और तीन कारतूस व मनोज ने दो पिस्तौल और तीन कारतूस मुख्य आरोपी मुन्ना को मुहैया कराए थे। पुलिस पहले ही शूटर मुन्ना और उसके साथी जुलेश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। दोनों आरोपियों ने पूर्णिया (बिहार) से योगेश कुमार का पीछा करते हुए फरीदाबाद आकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।