फरीदाबाद। साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को साइबर थाना एनआईटी और साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में शेयर मार्केट में निवेश और रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट के नाम पर 10.66 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी व्यक्ति से शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 9.66 लाख रुपये ठगे गए थे। साइबर थाना एनआईटी ने हसनपुर, बागपत निवासी सूरज कुमार को गिरफ्तार किया। दूसरे मामले में सेक्टर-7 निवासी व्यक्ति से टाटा कंपनी के रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर एक लाख रुपये ठगे गए थे। इंस्टाग्राम विज्ञापन के जरिए पीड़ित को जाल में फंसाया गया था। पुलिस ने नोहर, हनुमानगढ़ निवासी अनुराग वर्मा को भोंडसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर सात दिन के रिमांड पर लिया है। संवाद