- राजीव कॉलोनी में 27 जुलाई की देर रात हुई थी वारदात
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना इलाके की राजीव कॉलोनी में घर से बाहर बुलाकर संदीप नामक युवक को गोली मारने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने दो आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों की पहचान राजीव कॉलोनी निवासी मोनू व ओमकार के रूप में हुई है। संदीप को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
पूछताछ में पता चला कि कुछ समय पहले ओमकार व तुषार की संदीप के साथ कहासुनी हुई थी। इसकी रंजिश रखते हुए ओमकार व मोनू (तुषार का भाई) स्कूटी पर सवार होकर संदीप के घर के सामने गए और उसको बाहर बुलाकर गोली मार दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। सेक्टर-58 थाना पुलिस को ये शिकायत पवन नामक व्यक्ति ने दी थी। सेक्टर-58 थाना में दर्ज इस एफआईआर की जांच करते हुए अब अपराध शाखा टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो