4 मार्च को डबुआ थाना इलाके में संजीव पर हुआ था हमला
इलाज के दौरान आगरा के अस्पताल में हुई थी मौत
अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने पकड़े आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ थाना इलाके में गली से जा रहे युवक संजीव पर हमला कर हत्या मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में डबुआ कॉलोनी के रहने वाले राधे और सन्नी उर्फ नंदन शामिल हैं। इनसे पूछताछ के दौरान सामने आया कि मृतक संजीव डबुआ कॉलोनी में ही रहता था। मृतक ने आरोपी बादल की बहन के साथ बदतमीजी की थी। इसी के चलते बादल ने अपने साथी राधे, सन्नी व अन्य के साथ मिलकर संजीव के साथ मारपीट की और चोटें पहुंचाई।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अपराध शाखा डीएलएफ की टीम आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। इनसे जानकारी जुटाकर बादल व अन्य आरोपियों की तलाश टीम कर रही है।
मामले में पुलिस को शिकायत यूपी के मैनपुरी निवासी पवन कुमार ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि 4 मार्च को उसका छोटा भाई संजीव कुमार अपने एक दोस्त से मिलने के लिए जा रहा था। जब वह रतिराम मार्ग स्थित शुक्ला आटा चक्की के पास पहुंचा, तो वहां खड़े लड़के बादल, राधे, सन्नी, बिल्ला, करण व अन्य ने संजीव पर हमला कर दिया। आरोपियों ने संजीव को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे आगरा के अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। आगरा के अस्पताल में इलाज के दौरान 15 मार्च को संजीव की मौत हो गई। तब पुलिस को शिकायत देकर डबुआ थाना में हत्या की एफआईआर दर्ज कराई गई। मामले में जांच करते हुए अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।