बल्लभगढ़। साइबर थाना एनआईटी टीम ने ऑनलाइन ट्रेडिंग और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर होने वाली ठगी के मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को राजस्थान के उदयपुर और हरियाणा के सोनीपत से पकड़ा है।
आरोपियों की पहचान आशिफ निवासी गांव पिपली खेड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) और आशीष निवासी सेक्टर-27, सोनीपत के रूप में हुई है। दोनों को 15 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पहला मामला 22 जनवरी को साइबर थाना एनआईटी में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता से दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर 91.50 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आशिफ को उदयपुर से गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे मामले में फरीदाबाद निवासी व्यक्ति से अगस्त 2025 से अक्टूबर 2025 के बीच शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 14 लाख 68 हजार रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में पुलिस ने सोनीपत निवासी आशीष को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने एक महिला के साथ मिलकर बैंक खाता खुलवाया था और खाते की जानकारी, पंजीकृत मोबाइल नंबर व ई-मेल आईडी साइबर ठगों को कमीशन के आधार पर उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संवाद