एक आरोपी गाजियाबाद तो दूसरा दिल्ली का रहने वाला
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पकड़े आरोपी
आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बैंककर्मी बनकर 11.55 लाख रुपये की ठगी में दो आरोपियों को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में गाजियाबाद के लोनी का शाहरुख और दिल्ली के शाहदरा का जुबैर शामिल है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि शाहरुख गाजियाबाद में रैपिडो बाइक चलाता है। कुछ समय पहले तक शाहरुख दिल्ली में जुबैर की जींस बनाने की फैक्टरी में काम करता था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
ठगी मामले में पुलिस को यह शिकायत सेक्टर-82 निवासी व्यक्ति ने दी थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की फरीदाबाद शाखा में अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा कराना था। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन नंबर सर्च किया। ऑनलाइन मिले नंबर पर कॉल की लेकिन दूसरी ओर से जवाब नहीं मिला। बाद में इनके पास एक नंबर से कॉल आई और आरोपी ने बैंककर्मी बनकर बात की। आरोपी ने बहाने से बैंक खाते व डेबिट कार्ड से जुड़ी डिटेल लेकर पिन नंबर मांगे। बाद में खाते से 11.55 लाख रुपये कटे तो ठगी का अहसास हुआ। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।