फरीदाबाद। भाई बनकर फोन करने वाले साइबर ठग ने सेक्टर-56 निवासी युवती से अलग-अलग लेनदेन के जरिए 99,948 रुपये ठग लिए। साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में अलवर, राजस्थान निवासी अजय कुमार (26) और अमरजीत (31) को गिरफ्तार किया है।
दोनों को चार सितंबर को फिरोजपुर झिरका और अलवर से पकड़ा गया। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, 25 जुलाई को युवती के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को उसका भाई बताते हुए पांच हजार रुपये भेजने को कहा, इसके बाद उसने मोबाइल पर स्कैनर भेजा। युवती ने बीस हजार रुपये भेज दिए। रकम नहीं पहुंचने की बात कहकर आरोपी ने दूसरा स्कैनर भेजा और अलग-अलग लेनदेन कराकर कुल 99,948 रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की गई। जांच में सामने आया कि अजय ने भाई बनकर फोन किया था, जबकि इस्तेमाल किया गया सिम अमरजीत के नाम पर था। दोनों खेतीबाड़ी करते हैं। संवाद