संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हत्या के मामले में दो आरोपियों को अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बल्लू (57) व विनोद कुमार (50) छांयसा गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक राजीव की आरोपी बल्लू के बेटे के साथ दोस्ती थी। दोनों शराब पीते और आवारा घूमते रहते थे।
आरोप है कि इस बारे में बल्लू ने मृतक राजीव को कई बार समझाया था कि उसके बेटे का साथ छोड़ दें। शराब की वजह से उसके बेटे की पत्नी घर छोड़ के चली गई थी। फिर भी वह नहीं माना तो उसको मारने की योजना बनाई। 28 जून की रात को बल्लू ने राजीव को अपने खेतों पर ले जाकर शराब पिलाई और जब राजीव को नशा हो गया तो गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बल्लू ने अपने भाई विनोद के साथ मिलकर शव को खेत में बने कमरे के साथ छुपा दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। टीम इनसे पूछताछ कर रही है।
मामले में छांयसा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। पलवल के जल्हाका निवासी भगत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई राजीव 13 जून को काम के लिए जाने की बोल कर घर से निकला था। बाद में पता चला कि वह अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार चला गया। 29 जून को उन्हें खबर मिलती है कि उसके भाई राजीव का शव छांयसा से हीरापुर रोड पर केजीपी के पास खेत में मिला है। जिसकी गर्दन पर निशान थे। पुलिस ने जांच करते हुए अब दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।