फरीदाबाद। लोन दिलाने और ब्याज दर व प्रोसेसिंग फीस वापस कराने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले सगे जुड़वा भाइयों शुभ और शुभांश को साइबर थाना एनआईटी ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी दिल्ली के महरौली के रहने वाले हैं और उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं।
पुलिस ने दोनों को साकेत मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, पर्वतीय कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी। पीड़ित के पास मई 2026 में अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए लोन का प्रस्ताव दिया और कहा कि इसके अलावा कोई शुल्क नहीं लगेगा। लोन मंजूर होने के बाद 15.8 प्रतिशत ब्याज दर और 22 हजार रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगा दिया गया। इसके बाद ब्याज दर कम कराने और 22 हजार रुपये वापस कराने का झांसा देकर पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में दो लाख रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। ठगी का पता चलने पर उसने पुलिस को शिकायत दी। पूछताछ में सामने आया कि शुभ बीटेक और शुभांश बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम में से 1.80 लाख रुपये शुभ के खाते और 20 हजार रुपये शुभांश के खाते में आए थे। संवाद