फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र में ट्रक ने एक मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
गांव खेड़ी गुजरान निवासी अजय मंडल ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई संजय सेक्टर-24 स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। अजय भी इसी क्षेत्र में दूसरी फैक्टरी में काम करता है। दोनों भाई एक मोटरसाइकिल पर ही आते जाते थे। बुधवार शाम को फैक्टरी से छुट्टी होने पर दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। गांव नंगला बिजली घर के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में अजय सड़क के दूसरी तरफ जा गिरा, जबकि ट्रक का टायर संजय के सिर के ऊपर से गुजर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।