फरीदाबाद। पत्नी व सास-ससुर से परेशान एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। युवक के मोबाइल से एक वीडियो क्लिप मिला है, इसमें पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
गाजियाबाद निवासी सुमित शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छोटे भाई मोहित की शादी अलीगढ़ निवासी अलका के साथ साल 2014 में हुई थी। मोहित की छह साल की बेटी है। मोहित नाहर कॉलोनी बल्लभगढ़ में रहता था। सुमित का आरोप है कि सास राधा देवी, ससुर ओमप्रकाश व पत्नी अलका मोहित को तंग करते रहते थे। कई बार भाई के साथ मारपीट की और अलका मायके रहती थी। आरोप है कि सास राधा देवी मोहित से अलका को भेजने के लिए सात लाख रुपये मांग रही थी। इस कारण मोहित कई दिन से परेशान चला आ रहा था।
परिजनों के अनुसार 17 मार्च को रात 11 बजे तक मोहित कमरे पर नहीं आया और 18 मार्च की सुबह 7:30 बजे सूचना मिली कि समयपुर रोड बल्लभगढ़ में पेड़ से लटककर फांसी लगा ली है। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और तलाशी ली। पुलिस ने मोहित के फोन की जांच की तो मरने से पहले का एक वीडियो क्लिप मिला। इसमें मोहित ने सास राधा देवी, ससुर ओमप्रकाश, अपनी पत्नी अलका और पत्नी के चाचा पर परेशान करने का आरोप लगाया है। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।