संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बारिश के दौरान शहर में जलभराव के साथ जगह-जगह हादसों की स्थिति भी बनी रही। नीलम रेलवे रोड स्थित भगत सिंह चौक के पास बारिश के दौरान सड़क के बीच एक पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि पेड़ गिरने के समय वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
बारिश के बीच सड़क पर पेड़ गिरने के बाद कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। लोगों ने इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी। सड़कों पर जमा पानी और अन्य समस्याओं के कारण परेशानी उठानी पड़ी। जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों और राहगीरों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
हार्डवेयर चौक के पास पलटी भूसे से भरी ट्राली
हार्डवेयर चौक पर सड़क किनारे फैली गंदगी और गड्ढा होने के कारण एक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार भूसे से भरी एक ट्राली सड़क किनारे जमा कूड़े के पास पहुंची तो गंदगी के कारण वहां मौजूद गड्ढा दिखाई नहीं दिया। ट्राली का पहिया गड्ढे में जाने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई।
गनीमत रही कि ट्राली कूड़े के ढेर के ऊपर ही पलटी, जिससे चालक या आसपास मौजूद किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे फैली गंदगी के कारण गड्ढा दिखाई नहीं देता। यदि ट्राली के पलटने के समय कोई व्यक्ति कूड़े के पास मौजूद होता तो गंभीर चोट लग सकती थी। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क किनारे फैली गंदगी हटाने और गड्ढों को भरने की मांग की है।