कस्टमर केयर अधिकारी बनकर दिया वारदात को अंजाम, बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से निकाले रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने अब फास्ट टैग की तकनीकी समस्या सुलझाने के बहाने लोगों को ठगना शुरू कर दिया है। सेक्टर-88 स्थित आरपीएस सवाना निवासी एक ट्रांसपोर्टर से फास्ट टैग अपडेट करने के नाम पर करीब 1.47 लाख रुपये की ठगी की गयी। साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 24 अप्रैल को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके ट्रक का फास्ट टैग काम नहीं कर रहा था, जिसकी शिकायत उन्होंने कस्टमर केयर पर दर्ज कराई थी। 16 अगस्त 2025 को उनके पास एक फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया। ठग ने झांसा दिया कि ट्रक टोल पर रुका हुआ है और टैग चालू करने के लिए पांच सौ रुपये का रिचार्ज करना होगा।
विजय कुमार ने जैसे ही रिचार्ज की प्रक्रिया शुरू की, उनके बैंक खाते से दो बार में एक लाख रुपये कट गए। पीड़ित ने तुरंत बैंक को सूचित कर खाता ब्लॉक करवाया, लेकिन इसी दौरान ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड और बैंक खाते में सेंध लगा दी। ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,47,480 रुपये उड़ा लिए। गनीमत रही कि पीड़ित ने समय रहते अन्य खाते ब्लॉक करवा दिए, जिससे एक बैंक से होने वाली ट्रांजेक्शन रुक गई।