संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों को बुधवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। फरीदाबाद से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहने से यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। हरिद्वार से चलकर गाजियाबाद, हजरत निजामुद्दीन होते हुए फरीदाबाद आने वाली बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को पांच घंटे 10 मिनट के लिए पुनर्निर्धारित किया गया।
वहीं, मेरठ कैंट से चलकर हजरत निजामुद्दीन होते हुए फरीदाबाद आने वाली कलिंग उत्कल एक्सप्रेस करीब आठ घंटे 20 मिनट की देरी से चली। इसके अलावा नई दिल्ली से शुरू होकर तुगलकाबाद होते हुए फरीदाबाद आने वाली दिल्ली-फरीदाबाद मेमू ट्रेन भी करीब छ घंटे 15 मिनट की देरी से पहुंची। वहीं, नई दिल्ली से चलकर ओखला, तुगलकाबाद और फरीदाबाद होते हुए पलवल जाने वाली गाजियाबाद-पलवल ईएमयू ट्रेन भी करीब दो घंटे छ मिनट की देरी से चली।