जन्माष्टमी पर मंदिरों के आसपास थमेगी वाहनों की रफ्तार, बचकर निकलें -एक हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शहर के मंदिरों में होने वाले धार्मिक आयोजनों और उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई मंदिरों के सामने सड़क पूरी तरह बंद रहेगी। जबकि कुछ स्थानों पर एक लेन को बंद कर वाहनों का आवागमन दूसरी लेन से होगा। ऐसे में पुलिस ने वाहन चालकों से मंदिरों के सामने वाले मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
शहर में जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में विशेष सजावट और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोपहर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। इसके चलते एनआईटी-एक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर, एनआईटी-पांच स्थित बांके बिहारी मंदिर, सेक्टर-7 स्थित जन कल्याण मंदिर, सेक्टर-8 स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-37 स्थित इस्कॉन मंदिर और सेक्टर-3 स्थित खाटू श्याम मंदिर समेत करीब 100 मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ सकती है। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मंदिरों के आसपास बैरिकेडिंग करने की तैयारी की है। आवश्यकता के अनुसार वाहनों को मंदिरों के आसपास जाने से रोका जाएगा और यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में परेशानी न हो और साथ ही मुख्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंदिरों में सुरक्षा के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी मंदिरों के प्रवेश और निकास द्वार के अलावा आसपास के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी रखेंगे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि जाम से बचने के लिए मंदिरों के आसपास के रास्तों के बजाय निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
-केशव