एनएच-19 पर भारी जाम, करीब चार घंटों फंसे रहे वाहन और एम्बुलेंस
-सड़क की जर्जर हालत, जलभराव और अंडरपास निर्माण बने मुसीबत की जड़ दिल्ली से पलवल और आगरा की दिशा दोनों ओर बुरी तरह प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नेशनल हाईवे-19 पर रविवार सुबह से लेकर देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे हजारों वाहन चालक घंटों फंसे रहे। दिल्ली और फरीदाबाद से पलवल होते हुए आगरा जाने वाली सड़क पर कैलगांव से लेकर सीकरी फ्लाईओवर तक लगभग चार किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा ,जिसमें तीन एम्बुलेंस भी फंस गईं। वहीं, सीकरी के बाद पृथला गांव के अंडरपास से लेकर बघौला तक का करीब पांच किलोमीटर का हिस्सा भी जाम की चपेट में रहा। वहीं आगरा से दिल्ली की ओर आने वाले मार्ग पर भी हालात कुछ बेहतर नहीं थे। बघौला के पास लगभग तीन किलोमीटर लंबा जाम रहा हैं। हालात इतने खराब थे कि इन एम्बुलेंस के लिए रास्ता तक नहीं बन पाया।
जाम के पीछे सबसे बड़ा कारण सीकरी फ्लाईओवर के पास टूटी हुई सड़क, हाईवे और सर्विस रोड पर भारी जलभराव, और पृथला से बघौला तक निर्माणाधीन अंडरपास और खस्ताहाल सर्विस रोड रही। जाम से बचने के चक्कर में कुछ वाहन चालकों ने गलत दिशा में गाड़ियां घुमा दीं, जिससे स्थिति और भी बिगड़ गई। इस दौरान कई वाहन जाम में ही खराब हो गए।
बल्लभगढ़ से पलवल की सामान्य यात्रा, जो आमतौर पर 1.5 घंटे में पूरी हो जाती है, जाम की वजह से 4 घंटे तक खिंच गई। दोपहर के वक्त हाईवे के दोनों तरफ ट्रैफिक लगभग ठप रहा। लोगों ने इस भारी जाम के चलते अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी देरी की शिकायत की और प्रशासन से सड़क की स्थिति सुधारने व जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
बल्लभगढ़ से पलवल पहुंचने में आज पूरे चार घंटे लग गए, गाड़ी में ही थक गया। -विष्णु यादव
एम्बुलेंस जाम में फंसी थी और लोग परेशान थे, फिर भी कोई ट्रैफिक कंट्रोल में नहीं दिखा। अरुण कुमार
ऑफिस के लिए निकला था, लेकिन जाम ने पूरा दिन खराब कर दिया। -हेमंत पंडित
बघौला अंडरपास के निर्माण और टूटी सड़क ने रोज की मुसीबत बना दी है। -नर्वेश