बिना आंखों के रेटिना के नहीं खुल पा रहा पीएफ खाता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के कई उद्योगपति दृष्टिबाधित लोगों को उनकी सहायता करने के साथ ही रोजगार दे रहे हैं। जिससे कि वह खुद को किसी पर निर्भर ना महसूस करें, पर उन्हें यह करने में बेहद समस्या आ रही है। इसके पीछे पीएफ खाता खोलने के लिए जरूरी फेस वेरिफिकेशन बड़ी वजह है। दरअसल 1 अगस्त से यूएन नंबर जनरेट करने के लिए फेस वेरिफिकेशन को अनिवार्य कर दिया गया है।
फेस वेरिफिकेशन के दौरान आंखों के रेटिना का कैमरे के लेंस की तरफ पड़ना जरूरी होता है, पर दृष्टिबाधित कर्मचारियों को दिखाई नहीं पड़ने के कारण वह रेटिना कैमरे पर नहीं पड़ता है। इससे उनका फेस वेरिफिकेशन पूरा नहीं हो पा रहा है और पीएफ खाता नहीं खुल पा रहा है। इसके चलते भले ही वह कंपनी में काम कर रहे हैं और वेतन ले रहे हैं, पर ना ही वह कंपनी से आधिकारिक तौर पर जुड़े हैं और ना ही किसी योजना का लाभ उठा पा रहे हैं।
बता दें कि हाल ही में इंद्रराज नाम के एक उद्योगपति ने अपने दृष्टिबाधित कर्मचारियों को लेकर इस पर युवा सशक्तिकरण और उद्यमिता विभाग के प्रमुख सचिव राजीव रंजन से इस समस्या का हल भी जानने की कोशिश की थी। दृष्टिबाधित कर्मचारियों के पीएफ खातों को लेकर राजीव रंजन का कहना है कि यूएन नंबर जनरेट करने के लिए फेस वेरिफिकेशन अनिवार्य है।
बिना उसके वह जनरेट ही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पर इस समस्या को हमने ध्यान में रखा है, इसका कुछ विकल्प तलाशने की कोशिश की जाएगी। बता दें कि जिन कर्मचारियों का 1 अगस्त से पीएफ खाता खुलता है और वह उसे निरंतर 6 माह सुचारू रूप से चलाते रहते हैं। तो वह कंपनी में आधिकारिक रूप से जुड़ने के साथ ही प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत एक साल में 15 हजार रुपये तक की रकम सीधे अपने अपने खाते में पा सकते हैं।