किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारी जिला उपायुक्त कार्यालय में किसान ट्रैक्टर मार्च को लेकर वार्ता
- फोटो : Faridabad
बल्लभगढ़। गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर मार्च निकालने की घोषणा कर चुके स्थानीय किसानों ने सोमवार को अधिकारियों संग हुई वार्ता के बाद एलान वापस ले लिया है। बढ़े हुए मुआवजे की मांग कर रहे 24 गांव के किसान अब ट्रैक्टर मार्च नहीं निकालेंगे। किसानों ने यह मार्च अनिश्चित समय के लिए स्थगित कर दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों संग एक घंटे चली वार्ता के बाद किसानों ने यह फैसला लिया। समिति के अध्यक्ष राजेश भाटी ने जानकारी दी।
किसानों ने बताया कि जिला उपायुक्त के आश्वासन के बाद उन्होंने किसान ट्रैक्टर मार्च यात्रा को अनिश्चित समय के लिए स्थगित कर दिया है। बैठक में जिला उपायुक्त ने किसानों के सामने मुख्यमंत्री से बात की। मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्या निपटाने का आश्वास दिया है। इस बैठक में जिला उपायुक्त यशपाल यादव, अतिरिक्त उपायुक्त, डीसीपी, एसीपी के अलावा एनएचएआई के चार अधिकारियों के साथ प्रोजेक्ट निदेशक मौजूद रहे। वहीं, 24 गांव के किसानों की तरफ से राजेश भाटी, सरपंच ताराचंद, पूर्व सरपंच सुभाष भाटी, जोगिंद्र भड़ाना, देवरतन चौहान, महेंद्र शर्मा, मनोज चौहान, किशन चौहान, जगत सिंह चौहान मौजूद रहे। किसान एनएचएआई की ओर से 2008 में फरीदाबाद व पलवल की जमीन अधिग्रहण का उचित मुआवजा न मिलने से नाराज थे। उस समय एनएचएआई ने किसानों को 16 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से भूमि अधिग्रहण का मुआवजा दिया था। बाद में कोर्ट के फैसले के बाद यह राशि बढ़ाकर 68 लाख रुपये प्रति एकड़ कर दी गई।