- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी मेले का उद्घाटन, दो फरवरी को उपराष्ट्रपति करेंगे मेले में शिरकत
- 37वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को बैठक में दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अरावली की मनमोहक वादियों में लगने वाले अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में इस बार 40 देशों के पर्यटक पहुंचेंगे। वहीं विभिन्न देशों के हस्तशिल्प कर्मी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान कला और संस्कृति का बेहतरीन संगम देखने को मिलेगा। इसे लेकर मंगलवार को पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव एमडी सिन्हा ने मंगलवार को होटल राजहंस में अधिकारियों की बैठक ली। इसके बाद मेले की तैयारियां का टीम के साथ जायजा लिया। उन्होंने कहा कि 37वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट्स मेला पिछले वर्षों के मुकाबले इस वर्ष और भी ज्यादा भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। वहीं 3 फरवरी को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मेले में शिरकत करेंगे।
दो फरवरी से शुरू हो रहे 37वें अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इसे लेकर पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव एमडी सिन्हा कहा कि इस बार के मेले में अधिक विदेशी कलाकार और मेहमान आएंगे। ऐसे में हमें उनके रुकने सहित सभी व्यवस्थाएं उसी ढंग से करनी होंगी। मेले में एक हजार से ज्यादा स्टाल तैयार किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में सफाई, सड़कों की व्यवस्था, लाइटिंग, बिजली की व्यवस्था, शौचालयों सहित सभी सुविधाएं बेहतरीन तरीके से की जाएं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी तैयारियां समय से पूरी कर लें। पुलिस विभाग मेले की सुरक्षा को लेकर अलग से सुरक्षा प्लान तैयार करेगा।
मेले में लगेंगे 350 सीसीटीवी कैमरे
मेले में सुरक्षा के लिहाज से इस बार 100 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे इनकी संख्या बढ़कर 350 हो जाएगी। मेले में पार्किंग सहित अन्य सभी विषयों पर भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर मेले में पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए पूरा मेला परिसर हाई स्पीड सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में रहेगा। सुरक्षा को लेकर इंतजामों में किसी भी तरह की कोई कमी न रखें। विभिन्न व्यवस्थाओं के मद्देनजर पूरे मेला परिसर को अलग-अलग भागों में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर में एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति सुनिश्चित करें।
विश्व का सबसे बड़ा हस्तशिल्पियों का मेला
प्रधान सचिव एमडी सिन्हा ने बैठक में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह मेला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान है और विश्व का सबसे बड़ा हस्तशिल्पियों का मेला भी है। ऐसे में सभी विभाग तालमेल के साथ कार्य करें। जिला फरीदाबाद और हरियाणा के नाम को विश्व पटल पर बेहतर अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले के क्रियान्वयन के लिए अमिट छाप मिले। उन्होंने कहा कि मेले में आम जनता के लिए तीन गेट रहेंगे। वहीं एक गेट वीवीआईपी, वीआईपी व एक गेट मीडिया एंट्री के लिए रहेगा। सुरक्षा को लेकर पूरा मेला परिसर, पार्किंग स्थल व आसपास की जगहें हाईस्पीड सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगी।
मेला परिसर में बनाई जाएगी अस्थाई पुलिस लाइन
सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला परिसर में एक अस्थाई पुलिस लाइन बनाई जाएगी। जहां प्रतिदिन 3000 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। मेला सुबह 10 बजे शुरू होकर रात आठ बजे तक चलेगा। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त राकेश आर्य, जिला उपायुक्त विक्रम सिंह, पर्यटन विभाग के एमडी नीरज कुमार, पर्यटन विभाग के महाप्रबंधक यूएस भारद्वाज सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।