फरीदाबाद। सेक्टर-56 स्थित प्रतापगढ़ में डंपिंग यार्ड बनाए जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने आंदोलन को तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत 29 नवंबर 2026 को महाआंदोलन मशाल यात्रा निकाली जाएगी। रविवार शाम पांच बजे शुरू होने वाली इस यात्रा के माध्यम से डंपिंग यार्ड के विरोध में आवाज बुलंद की जाएगी। आयोजकों ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की है।
स्थानीय निवासी विनोद शर्मा का कहना है कि मशाल यात्रा को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए सभी संस्थाएं अपनी ओर से पोस्टर और बैनर लगा सकती हैं। पोस्टर-बैनर में प्रतापगढ़ में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड की तस्वीर को प्रमुखता से और बड़े आकार में लगाने का आग्रह किया गया है। लोगों को आंदोलन के मुद्दे और उससे जुड़ी आशंकाओं के बारे में जागरूक किया जा सके। आयोजकों का प्रयास है कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ा जाए।