सालाना 3000 का पास लेने वालों पर नहीं पड़ेगा प्रभाव
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सोमवार से टोल की नई दरें लागू होंगी। दरें बढ़ने से सराय टोल प्लाजा से होकर गुजरने वाले करीब 5 हजार वाहन चालकों का सफर महंगा हो जाएगा। इनमें घरेलू कार और जीप वाहनों को एक यात्रा पर कोई शुल्क नहीं देना होगा। इससे अधिक यात्रा पर 1 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। वहीं, हल्के और भारी दोनों तरह के व्यावसायिक वाहनों को एक और एकाधिक दोनों ही यात्राओं पर अधिक शुल्क देना होगा। 3000 वाला पास लेने वाले वाहन चालकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
1 सितंबर से लागू होने जा रहीं नई दरों के बाद कार और जीप पर एक से अधिक यात्रा पर अब 53 रुपये देने होंगे। इससे पहले 52 रुपए देने होते थे। वहीं एक माह के पास के लिए 16 रुपयों की अतिरिक्त भरपाई करनी होगी। हल्के व्यावसायिक वाहनों को 1 महीने के पास के लिए अब 1567 रुपयों की जगह 1590 रुपये चुकाने होंगे। वहीं एक यात्रा पर 52 की बजाय 53 और एक से अधिक यात्रा पर 78 की जगह 80 रुपए देने होंगे। भारी वाहनों को एक और एक से अधिक यात्रा पर दो रुपये और महीने के पास के लिए 48 रुपये अधिक खर्च करने होंगे।
टोल प्लाजा प्रबंधक आरके यादव ने बताया कि नई दरें 31 अगस्त की मध्यरात्रि से लागू होंगी। इनमें सभी तरह के वाहनों पर कम से एक रुपये और अधिकतम 3 रुपये तक के शुल्क बढ़ेंगे।