आईटीआई, शनिवार तक फीस जमा नहीं करने पर दाखिला रद्द कर दिया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के नौ आईटीआई संस्थानों में दाखिला ले चुके छात्रों के पास शनिवार को फीस जमा करने का आखिरी मौका है। जिन छात्रों का नाम दूसरी मेरिट लिस्ट में आया है, अगर वह शनिवार तक फीस जमा नहीं करते हैं, तो उनका दाखिला रद्द कर दिया जाएगा। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार से तीसरे राउंड की काउंसलिंग शुरु की जाएगी।
बता दें कि दूसरे राउंड की काउंसलिंग के बाद 28 जुलाई को विभिन्न संस्थानों में जिले के 382 छात्रों को सीटें अलॉट की गई थी। इसके बाद इसी दौरान फॉर्म सत्यापन के बाद 1 अगस्त तक छात्रों को फीस जमा करने का मौका दिया गया था। जिले में कुल 2180 सीटें हैं, इनमें से पहले और दूसरे राउंड की काउंसलिंग के बाद 800 से अधिक छात्रों को सीटें अलॉट की जा चुकी हैं।
तीन अगस्त से शुरू होगी तीसरे राउंड की प्रक्रिया
तीन अगस्त से तीसरे राउंड की काउंसलिंग प्रकिया शुरू की जाएगी। जहां पर पहले दिन छात्र यह देख सकेंगे कि किस ट्रेड में कितनी सीटें खाली और किसमें दाखिला मिलने की ज्यादा उम्मीद है। इसके बाद उसी तारीख से पांच अगस्त तक छात्र अपनी ट्रेड में अपनी इच्छानुसार बदलाव कर सकेंगे। इसके बाद सात अगस्त को छात्रों को सीटें अलॉट की जाएंगी। इसी के बाद से फॉर्म सत्यापन होने के बाद छात्रों के पास 11 अगस्त तक फीस जमा करने का मौका होगा।
एनआईटी स्थित आईटीआई संस्थान के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने बताया कि एक अगस्त तक छात्र फीस जमा कर सकते हैं। उसके बाद किसी भी छात्र को फीस जमा करने का अवसर नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि तीसरे दौर की काउंसलिंग प्रक्रिया की तैयारियां शुरू कर दी गई है।