संस्थानों और साइबर कैफे में दिखी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख आज है। अंतिम समय में किसी भी समस्या से बचने के लिए मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र संस्थानों और साइबर कैफे में दिखे। इस बार आईटीआई में पिछले सत्रों के मुकाबले सीटें घटा दी गई हैं। पहले जहां जिले के कुल नौ आईटीआई संस्थानों में 2,180 सीटें थीं, वहीं अब यह संख्या घटकर मात्र 1,800 रह गई हैं। सीटें कम होने और पसंदीदा ट्रेड (जैसे इलेक्ट्रिशियन, फिटर, कंप्यूटर) छूटने के डर से छात्र जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं।
सीटें घटने के बाद अब एनआईटी-5 स्थित आईटीआई में 456, ओल्ड फरीदाबाद में 264, पाली में 205, फतेहपुर बिल्लौच में 196, ओल्ड फरीदाबाद महिला आईटीआई में 181, ऊंचागांव में 168, तिगांव में 166, मोहना में 85 और सिकरोना में 79 सीटें हैं। इसके मुकाबले आवेदनों की संख्या काफी अधिक है। मंगलवार शाम तक एनआईटी-5 आईटीआई में 806, ओल्ड फरीदाबाद में 280, ओल्ड फरीदाबाद महिला आईटीआई में 150, तिगांव में 145 और सिकरोना में 100 आवेदन प्राप्त हो चुके थे।
मैं पिछले तीन दिनों से फॉर्म भरने की कोशिश कर रहा था, लेकिन साइट बेहद धीमी चली रही थी। आज बड़ी मुश्किल से आवेदन हुआ है।-सौरभ
इस बार सीटें पहले ही कम हैं, ऊपर से पोर्टल पर भारी ट्रैफिक है। मुझे डर था कि कहीं आखिरी दिन सर्वर डाउन न हो जाए। वीरेंद्र सिंह
आईटीआई में इस बार प्रतिस्पर्धा बहुत ज्यादा है। सीटें घटने की वजह से कट-ऑफ ज्यादा जाने की उम्मीद है।-अभिनव, छात्र
अंतिम तिथि पर साइबर कैफे में बहुत भीड़ हो जाती है, इसलिए मैंने एक दिन पहले ही सारे दस्तावेज जमा करा दिए। -सोनू, छात्र