अपराध शाखा ने 5 आरोपियों को पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अवैध हथियार रखने व उपलब्ध करवाने वालों पर कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा की टीम ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 6 जून को क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अबजद निवासी जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश को फरीदाबाद से कट्टा सहित गिरफ्तार किया है। साथ ही सलमान निवासी आदर्श नगर को इसी मामले में अवैध हथियार प्राप्त करने के मामले में गिरफ्तार किया है।
वहीं क्राइम ब्रांच एवीटीएस की टीम ने प्रिंस निवासी गांव भूपानी को गुरुग्राम नहर गांव फतेहपुर तगा के पास से कट्टा सहित गिरफ्तार किया है। इसी प्रकार क्राइम ब्रांच बार्डर की टीम ने मकराना सिंह निवासी गांव आहीर खेड़ी रंगवासा, जिला इंदौर, मध्यप्रदेश व हाल झुग्गी एरिया नजदीक ओल्ड रेलवे स्टेशन, फ्रेंड्स कॉलोनी फरीदाबाद को दुर्गा बिल्डर के पास ठेके के पास से एक कट्टा सहित गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने अमन निवासी संजय कॉलोनी को अवैध हथियार उपलब्ध कराने के मामले में गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।