42-29 के अंतर से हराया, तिगांव के जतिन ने 17 प्वाइंट बटोरे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। तिगांव स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में रविवार को तिगांव की खेल नर्सरी और मिर्जापुर राजकीय विद्यालय की कबड्डी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस एकतरफा मैच में तिगांव खेल नर्सरी की टीम ने मिर्जापुर राजकीय विद्यालय को 42-29 के बड़े अंतर से हराया।
मैच की शुरुआत से ही तिगांव की टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा। तिगांव की ओर से ऑलराउंडर जतिन ने मैदान पर ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 17 प्वाइंट बटोरे। जतिन ने रेडिंग और डिफेंस दोनों ही विभागों में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए विपक्षी टीम की कमर तोड़कर रख दी। इसके अलावा, रेडर कार्तिक ने भी बेहतरीन सूझबूझ का परिचय दिया और 13 रेड प्वाइंट हासिल कर अपनी टीम की जीत को पूरी तरह सुनिश्चित कर दिया।
दूसरी ओर, मिर्जापुर राजकीय विद्यालय की टीम दबाव में नजर आई। मिर्जापुर की तरफ से शिवम ने अकेले संघर्ष करते हुए 6 प्वाइंट हासिल किए, लेकिन टीम के अन्य किसी खिलाड़ी से उन्हें सहयोग नहीं मिल सका।