परियोजना को मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी, जल प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद में जल प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहर के तीन प्रमुख सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को अत्याधुनिक तकनीक से अपग्रेड करने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। करीब 85 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना का क्रियान्वयन फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) द्वारा किया जाएगा।
इस परियोजना के तहत प्रतापगढ़ स्थित प्लांट की क्षमता 90 एमएलडी, मिर्जापुर की 70 एमएलडी और बादशाहपुर प्लांट की क्षमता 45 एमएलडी तक अपग्रेड की जाएगी। इस तरह कुल 205 एमएलडी सीवेज के पानी को रोजाना शोधित किया जा सकेगा। अपग्रेडेशन के दौरान ओजोनेशन, यूवी डिसइंफेक्शन और स्लज मैनेजमेंट जैसी हाईटेक तकनीकों का इस्तेमाल होगा, जिससे गंदा पानी पूरी तरह साफ होकर दोबारा इस्तेमाल के योग्य बन जाएगा। खास बात यह है कि इस बजट में अगले 10 वर्षों तक प्लांट के संचालन और रखरखाव का खर्च भी शामिल किया गया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य साफ किए गए इस पानी का अधिकतम उपयोग सिंचाई के लिए करना है। इससे न केवल किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, बल्कि पीने योग्य मीठे पानी पर निर्भरता भी कम होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि जल संरक्षण की यह पहल भविष्य में पानी की किल्लत को दूर करने और भूजल स्तर को सुधारने में मील का पत्थर साबित होगी।