जिले में खुलेंगे तीन पीएम श्री स्कूल
बल्लभगढ़ खंड में दो और फरीदाबाद में एक स्कूल का किया गया है चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में तीन पीएम श्री स्कूल खोले जाएंगे। इनमें से दो बल्लभगढ़ खंड के खंडावली और फतेहपुर तगां में शुरु होगा, जबकि फरीदाबाद खंड में एनआईटी-दो स्थित राजकीय स्कूल को पीएम श्री स्कूल के लिए चुना गया है। प्रथम चरण में तीन स्कूलों का चयन किया गया है। पहले से चल रहे स्कूलों को पीएम श्री में विकसित किया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक खंड में दो-दो पीएम श्री स्कूल बनाने की योजना है। पहले चरण में केंद्र सरकार की ओर से 124 स्कूलों को मंजूरी मिली है, जबकि कुल 280 पीएम श्री स्कूल बनेंगे।
पीएम श्री स्कूल बनाने के लिए पहले से चल रहे इन स्कूलों में जरूरी सुविधाओं को विकसित करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक स्कूल को 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे। विभाग के अनुसार, पीएम श्री स्कूल बनाने की योजना इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू हो जाएगी। स्कूल में तैनात कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
रोबोटेक और ड्रोन की होगी पढ़ाई
पीएम श्री स्कूल के विद्यार्थियों को रोबो टेक, ड्रोन, कोडिंग, डेटा मैचिंग, डेटा एनालिसिस, डेटा माइनिंग, ब्लॉक चेन मैनेजमेंट, क्रिप्टो, एस्ट्रोनॉमी और रॉकेट साइंस की पढ़ाई होगी। इसके लिए यहां तैनात शिक्षक को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
-
पलवल में छह खुलेंगे पीएम श्री स्कूल
पीएम श्री स्कूल फरीदाबाद में तीन, पलवल में छह, गुरुग्राम में चार, नूंह में, रेवाड़ी में पांच, फतेहाबाद में सात, हिसार में नौ, झज्जर में पांच, जींद में सात, कैथल में सात, करनाल में नौ, कुरुक्षेत्र में छह, महेंद्रगढ़ में पांच, अंबाला में छह, भिवानी में सात, चरखी दादरी में दो, पंचकूला में तीन, पानीपत में छह, रेवाड़ी में पांच, रोहतक में चार, सिरसा में सात, सोनीपत में तीन और यमुनानगर में सात स्कूल शामिल हैं।
स्किल यूनिवर्सिटी से संपर्क करेगा विभाग
पीएम श्री स्कूलों में पढ़ाई के लिए शिक्षा विभाग स्किल विश्वविद्यालय और अन्य विवि से संपर्क करेगा। जिससे की पढ़ाई के दौरान पाठ्यक्रम के बारीकियों के संबंध में बताया जा सकें।
-
जिले में तीन पीएमश्री स्कूल शुरु करने के लिए स्वीकृति मिल गई है। इसमें बच्चों के पढ़ाई के आधुनिक तकनीक के विषय में पढ़ाया जाएगा। - डॉ. मुनेश चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी