लंबे इंतजार के बाद शुरू हुआ सुधार कार्य, शिव पार्क, हाथी पार्क और राम पार्क में होगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-31 में रहने वाले लोगों को जल्द ही बेहतर हरियाली और सुविधाओं से लैस पार्क मिलने वाले हैं। वार्ड-30 के अंतर्गत आने वाले शिव पार्क, हाथी पार्क और राम पार्क के सौंदर्यीकरण की दिशा में नगर निगम ने ठोस कदम उठाया है। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे इन पार्कों के सुधार के लिए परियोजना को मंजूरी दी गई है जिससे क्षेत्र के निवासियों को साफ-सुथरा और सुरक्षित सार्वजनिक स्थान मिल सकेगा।
स्थानीय लोगों की शिकायत है कि पार्कों में टूटी पगडंडियां, सूखी घास और सही रखरखाव न होने के कारण न तो बच्चे ठीक से खेल पाते है और न ही बुजुर्ग टहलने के लिए यहां आना पसंद करते है। ऐसे में नगर निगम की यह पहल सौंदर्य बढ़ाने के साथ लोगों के दैनिक जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार लाएगी।
परियोजना के तहत पार्कों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। निगम की ओर से जारी योजना के अनुसार पुराने और क्षतिग्रस्त फुटपाथों को हटाकर उनकी जगह आरएमसी एम-25 ग्रेड कंक्रीट से नए फुटपाथ बनाए जाएंगे। इससे रास्ते मजबूत और टिकाऊ होने के साथ बारिश के दौरान होने वाली कीचड़ और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
नई घास बिछाई जाएगी
पार्कों की सुंदरता बढ़ाने के लिए नई घास बिछाई जाएगी और विभिन्न प्रकार के सजावटी पौधे लगाए जाएंगे। पौधों के चयन में स्थानीय मौसम और रखरखाव की जरूरतों को ध्यान में रखा जाएगा ताकि लंबे समय तक हरियाली बनी रहे। इसके साथ ही अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी और छानी हुई खाद का उपयोग किया जाएगा।
चार महीने में पूरा होगा काम
नगर निगम ने इस पूरे काम को चार महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों का कहना है कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और हरियाणा पीडब्ल्यूडी के मानकों के अनुसार ही निर्माण कार्य किया जाएगा। इससे काम की मजबूती और टिकाऊपन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
निगम की तरफ से पर्यावरण संरक्षण व हरियाली बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। तीनों पार्कों का विकास कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। - अजय, कार्यकारी अभियंता नगर निगम