संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी के समय में बदलाव किया गया है। 16 अप्रैल से ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगी। पहले सुबह 9 से दोपहर बाद 3 बजे तक ओपीडी चलती थी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यह बदलाव मरीजों को दोपहर की तेज धूप से परेशान न होना पड़े इसलिए किया गया है। सुबह के समय कम तापमान रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले मरीजों को सुविधा होगी। नए समय के अनुसार, पंजीकरण, डॉक्टर परामर्श, लैब जांच और दवा वितरण की सभी सेवाएं सुबह 8 बजे से शुरू होंगी। प्रशासन का कहना है कि इससे भीड़ प्रबंधन में भी सुधार होगा और अधिकांश मरीज दोपहर से पहले अपनी जांच व इलाज पूरा कर सकेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने अपील की कि सभी मरीज नए समय के अनुसार ही अस्पताल पहुंचे, ताकि अनावश्यक भीड़ और प्रतीक्षा से बचा जा सके।