फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को कोरोना संक्रमित तीन मामलों की पुष्टि की है। इनमें एक गर्भवती है, एक सब्जी विक्रेता और जांच केंद्र काम करने वाली एक युवती है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 88 हो गई है, जबकि 54 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अभी तक दो लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
कोविड-19 नोडल अधिकारी डॉ रामभगत ने बताया कि शुक्रवार को तीन लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें एक एनआईटी-2 निवासी 21 वर्षीय युवती संक्रमित मिली। यह युवती सेक्टर-16 स्थित उस निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र की कर्मचारी है, जहां संक्रमण के कारण तीन सुरक्षा कर्मी पॉजिटिव मिल चुके हैं। इसमें से एक सुरक्षाकर्मी की मौत भी हो चुकी है।
संक्रमण के तीन नए मामलों में नौ माह की गर्भवती भी शामिल है। डबुआ कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय गर्भवती डिलीवरी के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती होने गई थी। जांच की गई तो वह पॉजिटिव आई। इसी तरह गांव मुजेसर की सब्जी मंडी में सब्जी बचने वाला 37 व्यक्ति भी संक्रमित मिला है।
छह लोग स्वस्थ होकर घर लौट
फरीदाबाद। शुक्रवार को छह लोग कोरोना को मात देने में भी सफल रहे। इसमें एक ग्रीनफील्ड कालोनी निवासी 32 वर्षीय गर्भवती है। जबकि ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के दो कर्मचारी और उनके संपर्क में आए दो अन्य भी स्वस्थ हुए हैं। इसके अलावा डबुआ कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय महिला भी स्वस्थ होकर घर लौट गई।