मुंडकटी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सराय गांव निवासी नजर मोहम्मद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। उसके चाचा का लड़का सलमान बिरयानी बेचने का काम करता था। वह अपनी रेहड़ी पर घर से बिरयानी बनाकर बेचने के लिए जा रहा था। वह भी उसके साथ-साथ चल रहा था। उसी दौरान राजमार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास होडल की तरफ से आई एक कार ने उसके चचेरे भाई की रेहड़ी में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में उसका चचेरा भाई सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार को बल्लभगढ़ अहीर बाडा निवासी राहुल सैनी चला रहा था। सवारी का इंतजाम कर वह सलमान को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पलवल लेकर पहुंचा। सलमान की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली में ट्रामा सेंटर में सलमान की मौत हो गई।
वहीं दूसरे हादसे में सराय निवासी अंशु नाम युवक की ईको कार की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस में दी शिकायत में सराय निवासी अजरुद्दीन निवासी ने बताया कि 16 अक्तूबर की शाम को वह अपने छोटे भाई अनुस के साथ सराय से सेवली होते हुए गांव बहीन बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जब वह दोनों गांव सेवली के समीप बाइक पर पहुंचे तो अज्ञात एक ईको कार के चालक ने लापरवाही से कार को चलाते हुए बाइक में सीधी टक्कर मार दी। जिसमें उसका भाई अनुस गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए नूंह के नल्हड़ अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
तीसरे हादसे में दीघौट गांव निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके पिता महावीर दिल्ली के मालवीय नगर में नौकरी करते थे। 19 अक्तूबर को देर शाम साढ़े आठ बजे वह अपने पिता के साथ बाइक से गांव आ रहे थे। इसी दौरान जब उनकी बाइक गदपुरी टोल प्लाजा के निकट पहुंची, तभी उनके आगे चल रही एक पिकअप गाड़ी के चालक ने बिना किसी सिग्नल के अचानक से ब्रेक लगा दिया। जिसके कारण उनकी बाइक पिकअप से जा टकराई। जिसमें पीड़ित घायल हो गया, जबकि उसके पिता को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।