संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-21सी में पांच अक्तूबर की शाम पारिवारिक विवाद को लेकर हुए झगड़े में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घायलों में आशीष, उसके पिता विनोद कुमार और रेणु शामिल हैं। पीड़ित आशीष की शिकायत पर पुलिस ने उसकी पत्नी जया कंसल, ससुर प्रवेश कंसल, सास सुनीता कंसल, साले पीयूष कंसल, भाभी अल्फा कंसल और मामा मनीष गुप्ता समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिकायत के अनुसार, पांच अक्तूबर की शाम ससुर के फोन पर धमकी देने के बाद स्कॉर्पियो में आए मायके पक्ष के लोगों ने बैट, ईंट-पत्थर और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। झगड़े में घायल पीड़ित अनखीर चौकी पहुंचे, जहां से पुलिस ने बीके अस्पताल में उनका मेडिकल कराया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मौके पर पहुंचकर शिकायत की तस्दीक की, जिसमें पीड़ित द्वारा लगाए गए लूटपाट और जबरन गाड़ी में डालने के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद सूरजकुंड थाना ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।