संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एनआईटी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के तीन नमूने लिए हैं। इनमें चना मसाला, दूध से निर्मित उत्पाद और अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डाॅ. पुनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी नमूने की रिपोर्ट फेल आती है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई से पहले दुकानदार को जांच रिपोर्ट के साथ नोटिस जारी किया जाएगा और उसे जवाब देने का अवसर दिया जाएगा।
विभाग का कहना है कि इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग समय-समय पर बाजारों में अभियान चलाकर मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों पर नजर रखता है, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।