फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र स्थित ओम एंक्लेव में शुक्रवार देर रात गलतफहमी के चलते तीन डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में तीनों युवक घायल हो गए। घायलों ने बीके अस्पताल में उपचार कराने के बाद पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दुर्गेश, कौशिक और उनका एक अन्य दोस्त डिलीवरी का काम खत्म करने के बाद रात में घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे। आरोप है कि विवाद कर रहे युवकों को गलतफहमी हो गई कि तीनों दोस्त उनसे झगड़ा करने के इरादे से उनकी ओर आ रहे हैं। इसी संदेह में युवकों ने तीनों को रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।हमले में दुर्गेश और उसके तीसरे साथी के सिर में चोटें आईं, जबकि कौशिक के पैर में चोट लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से चले गए। घटना के बाद तीनों घायल बीके अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ितों ने पल्ला थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। संवाद