संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। नए साल की शुरुआत के साथ ही छांयसा थाना पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में थाना क्षेत्र के छांयसा गांव में पुलिस द्वारा विशेष नाका लगाया गया, जहां नियमों के विरुद्ध वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। नाके के दौरान पुलिस ने तीन बुलेट को जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, कुछ युवक बुलेट में अवैध रूप से साइलेंसर बदलकर तेज आवाज में पटाखे जैसी ध्वनि निकाल रहे थे, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही थी । पुलिस ने ऐसे ही साइलेंसर लगी एक बुलेट को मौके पर ही पकड़कर जब्त कर लिया।
इसके अलावा नाके के दौरान दो बुलेट बिना नंबर प्लेट के चलती हुई पाई गईं। मोटर वाहन अधिनियम के तहत यह सीधा उल्लंघन है। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना नंबर प्लेट या संशोधित साइलेंसर वाले वाहनों पर आगे भी सख्ती जारी रहेगी।