साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने दिल्ली नांगलाेई व करनाल से पकड़े आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। महाकुंभ जाने के लिए बस बुकिंग के नाम पर ठगी मामले में तीन आरोपियों को साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने गिरफ्तार किया है। इनमें दिल्ली के नांगलोई निवासी विक्रम, रोहित व करनाल निवासी विवेक शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि विवेक पहले टूल एंड ट्रेवल्स में काम कर चुका है। इसने ही शिकायतकर्ता को कॉल कर ठगी की थी। विक्रम ने ठगी के पैसे ट्रांसफर करने के लिए रोहित का खाता खरीदकर उपलब्ध करवाया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि विक्रम व विवेक को पूछताछ के लिए 2 दिन के रिमांड और रोहित को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
साइबर क्राइम थाना एनआईटी में ये एफआईआर भांकरी गांव निवासी व्यक्ति ने दर्ज कराई थी। जिसमें आरोप लगाया कि वो महाकुंभ जाने के लिए बस बुक करने को ऑनलाइन सर्च कर रहे थे। तभी एक नंबर से उनके पास कॉल आई और युवक ने खुद को ट्रांसपोर्ट कंपनी का कर्मचारी बताया। फिर उसने बस बुकिंग के नाम पर 1 लाख रुपये किराया बताकर 25 हजार रुपये एडवांस ट्रांसफर करने को कहा। शिकायतकर्ता ने 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए लेकिन 13 फरवरी को उन्हें बस नहीं मिली। आरोपियों ने कॉल रिसीव करना भी बंद कर दिया। मामले में जांच करते हुए अब पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।