दो मामलों की जांच करते हुए साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ व एनआईटी की टीम ने पकड़े आरोपी
दो आरोपी गुजरात सूरत के जबकि तीसरा राजस्थान जोधपुर का है निवासी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने ठगी के आरोप में तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दो अलग-अलग मामलों की जांच करते हुए साइबर क्राइम थाना एनआईटी टीम ने एक और साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ टीम ने दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है जबकि तीसरे को जेल भेज दिया गया है।
पहले मामले में टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क के तहत मुनाफे का झांसा देकर 4.06 लाख रुपये की ठगी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मोनिक पवार (22) राजस्थान जोधपुर का रहने वाला है। इससे पूछताछ में पता चला कि ये साइबर ठगों के लिए बैंक खाते ऑपरेट करता था। खाते में आए रुपयों को नेट बैंकिंग के जरिये दूसरे खातों में भेजकर नकद निकाल लेता था। फिर ये रुपयों को आगे ठगों तक पहुंचाता था। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। मामले में अब तक पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। साइबर क्राइम थाना एनआईटी में ये एफआईआर फ्रेंड्स कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति से हुई थी। 27 मार्च को इनका संपर्क ठगों से हुआ था।
दूसरे मामले में टेलीग्राम टास्क के बहाने 2.70 लाख रुपये की ठगी में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में गुजरात के सूरत निवासी विरल कुमार कौशिक कपाड़िया और मुसानी साजिद शामिल हैं। दोनों आरोपी सूरत की कपड़ा मार्केट में काम करते हैं। मुसानी साजिद ने विरल कुमार कौशिक का बैंक खाता लेकर ठगों को दिया था। इस खाते में ठगी के एक लाख रुपये आए थे। दोनों आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ टीम पूछताछ कर रही है। पुलिस को ये शिकायत बल्लभगढ़ के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी।