संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेल से बाहर आने के बाद बार-बार मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य के निर्देश पर पुलिस ने नशा तस्करों को पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।
अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (प्रिवेंशन ऑफ इलिसिट ट्रैफिकिंग ) एनडीपीएस एक्ट 1988 के तहत लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों पर लगाया जाता है। ऐसे अपराधी समाज के लिए घातक होते हैं। डीसीपी क्राइम हेमेंद्र मीणा का कहना है नशा समाज और स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक है। इससे समाज में काफी घर बर्बाद हो चुके हैं। युवा लत लगने पर नशे की पूर्ति के लिए अपराध का रास्ता अपना लेते हैं। इसमें मुख्य भूमिका नशा बेचने वालों की होती है। सरकार द्वारा प्रीवेंटिव एक्शन के तहत नशा तस्कर को बिना केस दर्ज किए कभी भी जेल भेजा जा सकता है। जनहित में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में आसमां खातून नाम की महिला के खिलाफ सेक्टर-31 थाने में 7 केस दर्ज हैं। महिला पिछले करीब 4 वर्ष से नशा तस्करी का काम करती है। दूसरे आरोपी जगदीश के खिलाफ थाना सराय ख्वाजा में 4 केस दर्ज हैं। वह पिछले करीब 5 वर्ष से नशा तस्करी कर रहा है। तीसरे आरोपी पाल सिंह के खिलाफ पल्ला थाने में तीन केस दर्ज हैं। वह करीब 3 वर्ष से नशा तस्करी में शामिल है। सभी के केस अदालतों में विचाराधीन हैं। जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी दोबारा से नशा तस्करी करते हैं। आदतन अपराधी पुलिस के रडार पर हैं। जल्द अन्य केसों में आदतन अपराधियों को जेल भेजा जाएगा।