- थाना सेक्टर-31 की टीम ने मुख्य आरोपी सहित तीन को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अपहरण व हत्या के प्रयास के मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रियांशु, मोहित व पुनीत के रूप में हुई है। बिलोरा जिला संत कबीर नगर यूपी निवासी पुष्पेंद्र चौरसिया ने थाना सेक्टर-31 में दी शिकायत में आरोप लगाया कि 4 अगस्त की रात को वह उसके दोस्त नीरज व अन्य के साथ इंस्टामार्ट प्लॉट नंबर 37 डीएलएफ पर ऑर्डर ले जाने के लिए बैठे थे। तभी वहां एक गाड़ी आकर रुकी। जिसमें से चार लड़के उतरे। साथ ही एक स्कूटी पर दो लड़के और आए। जिन्होंने आते ही नीरज पर किसी नुकीली हथियार से हमला कर दिया और उसका अपहरण करके ले गए।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि थाना सेक्टर 31 की टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रियांशु, मोहित व पुनीत को बदरपुर दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि प्रियांशु व नीरज दोनों की किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई थी। इस रंजिश में आरोपी प्रियांशु ने नीरज के साथ मारपीट की और उसे रास्ते में फेंक दिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।