साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने पकड़े आरोपी, तीनों दिल्ली के मालवीय नगर के रहने वाले
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने 10.30 लाख रुपये की ठगी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में दिल्ली के मालवीय नगर के रहने वाले गुलफाम, संदीप व अमरदीप शामिल हैं। इनसे पूछताछ में पता चला कि जिस खाते में ठगी के रुपये आए, उसमें गुलफाम ने अपनी सिम रजिस्टर्ड करवाई हुई थी। सिम की डिटेल उसने संदीप को दी थी और संदीप ने ये अमरदीप के जरिये ठगों तक पहुंचाई। संदीप 12वीं पास है और अमरदीप बीए पास है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अमरदीप को दो दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। वहीं गुलफाम व संदीप को जेल भेजा गया है। पुलिस को मामले में शिकायत बल्लभगढ़ के रहने वाले व्यक्ति ने दी। इसमें आरोप लगाया गया कि उन्हें व्हाट्सएप पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को वाइब्रेंड डिजिटल सॉल्यूशंस कंपनी से इंटरव्यूअर बताया। इसके बाद शिकायतकर्ता को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। वहां उन्हें टास्क पूरा करने के बाद पैसे दिए गए। इसके बाद उसने प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 1030700 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। बाद में रिफंड नहीं दिया गया। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2.19 लाख की ठगी में आरोपी गिरफ्तार
एक अन्य मामले में टेलीग्राम टास्क के बहाने 2.19 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 19 साल का श्यामसुंदर राजस्थान के हनुमानगढ़ का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि इसने साहिल से सचिन का खाता लेकर ठगों को दिया था। मामले में सचिन व साहिल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस खाते में ठगी के 50 हजार रुपये आए थे। आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। बल्लभगढ़ के आर्य नगर निवासी व्यक्ति ने ठगी को लेकर साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ में एफआईआर दर्ज कराई थी।