अगस्त 2020 में दी गई थी शिकायत, मांगे थे 20 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। थाना डबुआ की पुलिस टीम ने धमकी देने के मामले में आरोपी निहाल अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अगस्त 2020 में कुशल निवासी सैनिक कॉलोनी सेक्टर-49 ने पुलिस चौकी सैनिक कॉलोनी में दी शिकायत में बताया कि उसका तलाक का मामला दिल्ली कोर्ट में चल रहा है और अगस्त 2020 में शिकायतकर्ता को उसके ससुर विशाल का फोन आया और 20 लाख रुपये की डिमांड की और नहीं देने की सूरत में जान से मारने की धमकी दी।
जांच के दौरान पाया गया कि फोन पर धमकी देने की रिकॉर्डिंग में आवाज विशाल की नहीं थी। आवाज के नमूने जांच के लिए एफएसएल मधुबन भेजे गए। जांच में निहाल अहमद की आवाज की पुष्टि हुई। जिस पर कार्रवाई करते हुए थाना डबुआ की टीम ने आरोपी निहाल अहमद निवासी खुरेंजी खास दिल्ली को आराम पार्क दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि वह शिकायतकर्ता के ससुर विशाल का दोस्त है और उनकी व विशाल की किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। उसको पता था कि विशाल की बेटी का केस कोर्ट में चल रहा है। उसने विशाल को फंसाने के लिए उसके दामाद शिकायतकर्ता कुशल के पास फोन कर पैसे मांगे और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेजा गया।