त्रेहान रियल एस्टेट बिल्डर के ठिकानों पर तीसरे दिन भी जारी रही कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आयकर विभाग की जांच तीसरे दिन भी त्रेहान रियल एस्टेट बिल्डर के घर और दफ्तरों पर जारी रही। अभी तक आयकर विभाग ने कार्रवाई करते हुए 10 बैंक खातों को फ्रीज किया है। उन खातों से त्रेहान रियल एस्टेट बिल्डर कोई भी लेनदेन नहीं कर सकते हैं। आयकर विभाग बिल्डर के दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
सेक्टर-35 स्थित अशोका एन्क्लेव में त्रेहान होम डवलपर्स के दो निदेशक रहते हैं। बिल्डर के दिल्ली एनसीआर, साइबर सिटी गुरुग्राम, ग्रेटर फरीदाबाद और भिवाड़ी में 12 से अधिक प्रोजेक्ट चल रहे हैं। आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया कि त्रेहान रियल एस्टेट बिल्डर के निदेशकों ने वित्तीय लेनदेन में गड़बड़ी की है। उनकी कंपनी ने बड़े पैमाने पर कर चोरी की है। आयकर विभाग से कई वित्तीय लेनदेन को छिपाया है। आयकर विभाग को कई संपत्तियों को बेनामी खरीदे जाने की भी संभावना है। आयकर विभाग अलवर की टीम फरीदाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली एनसीआर समेत राजस्थान आदि राज्यों में निदेशकों के ठिकानों पर छापामारी कर रही है। यह कार्रवाई शनिवार देर रात तक जारी थी। आयकर विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जांच जारी है। सभी दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा रहा है।