ताऊ से बताया जान का खतरा, थाने में शिकायत
- मोहना निवासी युवक ने माता-पिता और बहन की काफी पहले हत्या का भी लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना छांयसा इलाके के गांव मोहना निवासी युवक ने ताऊ से जान का खतरा बता थाने में शिकायत की है। साथ ही ताऊ द्वारा माता-पिता और बहन की काफी पहले हत्या करने का भी आरोप लगाया है। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मोहना निवासी जयवीर ने पुलिस को बताया कि वह 12वीं पास है और गांव में खेती बाडी करता है। जब वह दो वर्ष का था तब उसके माता पिता की हत्या हो गई। हत्या के आरोप में उसके ताऊ गजराज, ताई प्रहलादी और बेटे विनोद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। सामाजिक दबाव के कारण मामला रद्द करा दिया गया था। आरोप है कि उसके माता पिता व बहन की हत्या जमीन हड़पने के लिए की गई थी। घटना के बाद से वह अपने नाना के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। कुछ समय से वह अपने गांव मोहना में ही अपनी खेती बाडी की देखरेख कर रहा है। आरोप है कि उसके ताऊ के लड़के विनोद कुमार उर्फ छोटू, जेम्स अत्रि, ताई और मोहना निवासी एक अन्य अन्य युवक राम कुमार उर्फ रामू ने मिलकर उसकी हत्या करवाने की साजिश रची है। उसे गांव अटेरना निवासी एक युवक से पता लगा है कि उसकी सुपारी दी गई है। आरोप है कि उसकी हत्या के लिए तीन युवकों को हथियार व रुपये मुहैया करवाए गए हैं। उसके पास इन सभी आरोपों के सबूत भी हैं। जयवीर ने गुहार लगाई है कि उसके परिवार की हत्या मामले की दोबारा से जांच कराई जाए व उसकी जान की रक्षा की जाए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।